श्री पुनीत कंसल सिक्किम कैडर के 1996 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में भारत सरकार, नागर विमानन मंत्रालय में अपर सचिव के रूप में कार्यरत हैं। उनके पास भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी है।
उन्होंने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन में बी.ई. और एमिटी यूनिवर्सिटी से वित्त में एम.बी.ए. की डिग्री प्राप्त की है। केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ फील्ड प्रशासन में लगभग तीन दशकों के अनुभव के साथ, केंद्र सरकार में उनकी उल्लेखनीय जिम्मेदारियों में कैबिनेट सचिवालय में अपर सचिव, इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं के अलावा ऊर्जा मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में निदेशक के रूप में भी कार्य किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में उनके कार्यकाल के दौरान, 2015 में एफएम वेव्स के आवंटन के लिए पहली ई-नीलामी आयोजित की गई थी, जो भारत के एफएम प्रसारण क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई।
सिक्किम सरकार में, उन्होंने पर्यटन एवं नागर विमानन, योजना और विकास, कृषि एवं सहकारिता और उद्योग सहित कई विभागों में अपनी सेवाएं दी हैं। उत्तराखंड में अंतर-राज्यीय प्रतिनियुक्ति के दौरान, उन्होंने टिहरी गढ़वाल के जिलाधिकारी सह टिहरी बांध परियोजना के पुनर्वास निदेशक और देहरादून के जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान, टिहरी बांध के निर्माण का प्रथम चरण परिचालन हेतु पूरा हुआ था और उन्होंने देहरादून हवाई अड्डे के विकास और विस्तार में भी योगदान दिया।
उनका करियर नागर विमानन, पर्यटन, इस्पात, ऊर्जा, स्वास्थ्य, वित्त, उद्योग, कृषि और ग्रामीण विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में फैला हुआ है। उनके पास नीति निर्माण, प्रशासन, अंतर-सरकारी और अंतर-मंत्रालयी समन्वय, कार्यक्रम कार्यान्वयन और वित्तीय प्रबंधन का व्यापक अनुभव है।
उनका करियर ग्राफ यह दर्शाता है कि उन्हें फील्ड प्रशासन, राज्य सरकार और भारत सरकार में काम करने का अत्यंत उल्लेखनीय अनुभव है, जहाँ उन्होंने राष्ट्रीय महत्व के अति महत्वपूर्ण क्षेत्रों में वरिष्ठ स्तर पर नीति-निर्माण और नेतृत्व की जिम्मेदारियों को संभाला है।